बक्सर । इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम जनता के आवागमन के लिए तत्काल खोलने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, बक्सर के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गुमटी खोलने की मांग से संबंधित विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
मुलाकात के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी को बक्सर जिला प्रशासन के निर्देश पर बंद किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिला प्रशासन के अनुसार क्षतिग्रस्त रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
इस पर पंकज कुमार उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इतनी कम अवधि में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा होना व्यावहारिक नहीं लगता। उन्होंने आशंका जताई कि जल्दबाजी में किया गया निर्माण भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने मांग की कि जब तक आरओबी पूरी तरह सुरक्षित होकर आवागमन के लिए चालू नहीं हो जाता, तब तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम जनता के लिए तत्काल खोला जाए।
उन्होंने कहा कि गुमटी बंद रहने से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांडेपट्टी मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, स्कूल बसें और भारी वाहन पलट रहे हैं, जिससे सैकड़ों गांवों की लाखों आबादी प्रभावित है। ऐसे में गुमटी को बंद रखना जनहित के विपरीत है।
पंकज कुमार उपाध्याय ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलने तक वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि जब बक्सर की जनता इस गंभीर समस्या से जूझ रही थी, तब जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को समय रहते पहल करनी चाहिए थी। उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना है।
अंत में उन्होंने बक्सर की जनता से इस जनहित की लड़ाई में सहयोग, समर्थन और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments