बक्सर । सदर के विधायक आनन्द मिश्र ने बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में प्रदेश के लाखों प्रतियोगी छात्रों और परीक्षार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से मांग की कि भविष्य में आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगी एवं अन्य परीक्षाओं के परीक्षा केंद्र अभ्यर्थियों के गृह क्षेत्र अथवा अधिकतम 100 किलोमीटर की परिधि के भीतर ही आवंटित किए जाएं।
सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक आनन्द मिश्र ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई अभ्यर्थियों को सैकड़ों किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिए जाते हैं, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है। लंबी दूरी की यात्रा के कारण समय की बर्बादी, सुरक्षा संबंधी चिंताएं और मानसिक तनाव जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से छात्राओं के लिए यह स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण होती है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि ऐसी नीति बनाई जाए, जिससे प्रत्येक परीक्षार्थी को उसके गृह क्षेत्र या अधिकतम 100 किलोमीटर के दायरे में ही परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना था कि इससे छात्रों को आर्थिक राहत मिलेगी, सुरक्षित एवं समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचना आसान होगा और वे बिना अतिरिक्त तनाव के परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
विधायक आनन्द मिश्र की इस मांग को प्रदेश के छात्रों और अभिभावकों ने छात्रहित में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल बताया है। उनका मानना है कि यदि सरकार इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेती है तो लाखों परीक्षार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और परीक्षा व्यवस्था अधिक सुविधाजनक एवं छात्र-अनुकूल बन सकेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments