Ad Code

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बूचा उपाध्याय के निधन से कांग्रेस परिवार में शोक की लहर, श्रद्धांजलि सभा आयोजित


बक्सर । बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, लोकप्रिय समाजसेवी एवं कांग्रेस परिवार के मजबूत स्तंभ रहे बूचा उपाध्याय के आकस्मिक निधन से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को कांग्रेस परिवार की ओर से आयोजित भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।




निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि बूचा उपाध्याय कांग्रेस संगठन की अमूल्य धरोहर थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा, सामाजिक समरसता और जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, संगठन के प्रति अटूट निष्ठा और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका निधन कांग्रेस परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे बक्सर जिले के लिए अपूरणीय क्षति है।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि बूचा उपाध्याय संगठन के समर्पित और कर्मठ सिपाही थे। उनका संघर्ष, सेवा और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।




जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि स्वर्गीय बूचा उपाध्याय किसानों, गरीबों और वंचितों की मजबूत आवाज थे। वहीं, जिला कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद कुशवाहा ने कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और संगठन के प्रति समर्पण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय कुमार दुबे, भोला ओझा, रोहित उपाध्याय, जयराम राम, वीरेंद्र राम, कपिलमुनि यादव, अभय मिश्रा, श्रीकृष्ण बिहारी चौबे, प्रदेश प्रतिनिधि विनय सिंह, सिमरी प्रखंड अध्यक्ष अजय ओझा, चक्की प्रखंड अध्यक्ष भरत यादव, महिला कांग्रेस की रूनी देवी, श्रीमती कुमकुम देवी, श्रीमती पुष्पा कुमारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu