बक्सर । शिक्षा सुधार के क्षेत्र में बिहार ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सेंटर फॉर सिविल सोसाइटी (CCS) द्वारा जारी ईज़ ऑफ ऑपरेटिंग स्कूल्स (EoOS) इंडेक्स 2026 में बिहार देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है। बिहार को 25.63 अंक प्राप्त हुए हैं, जो राष्ट्रीय औसत 20.86 से काफी अधिक है।
इस राष्ट्रीय अध्ययन के प्रमुख लेखक बक्सर जिले के नुआंव निवासी एवं सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता डॉ. अनिमेष कुमार हैं। उन्होंने अपनी सहयोगी शैवी माहेश्वरी और नितेश आनंद के साथ मिलकर इस रिपोर्ट को तैयार किया। इंडेक्स का विमोचन 19 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित “RISE for Viksit Bharat” कार्यक्रम में किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार तेलंगाना 29.68 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर रहा, जबकि बिहार ने हरियाणा, असम और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के साथ शीर्ष पांच राज्यों में जगह बनाई। अध्ययन में यह पाया गया कि बिहार में निजी विद्यालयों के संचालन से जुड़ी प्रक्रियाएं अपेक्षाकृत अधिक स्पष्ट हैं तथा नियामकीय जटिलताएं कम हैं।
इस सूचकांक में देश के 28 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों का मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के दौरान नियामकीय स्पष्टता, अनुपालन, वित्तीय स्थिरता, संस्थागत स्वायत्तता और विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया गया।
डॉ. अनिमेष कुमार ने कहा कि निजी विद्यालय देश के लगभग 40 प्रतिशत विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करते हैं। ऐसे में उनके लिए सरल, पारदर्शी और प्रभावी नियामकीय व्यवस्था शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments