बक्सर । डुमरांव अनुमंडल पुलिस ने चाकू की नोक पर हुई लूट की एक वारदात का सफल उद्भेदन करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने किया।
एसडीपीओ ने बताया कि 28 जनवरी 2026 को सोनवर्षा थाना क्षेत्र के गिरधर बरांव निवासी राहुल कुमार ने थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे गिरधर बरांव बाजार से घर लौटने के दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर उनका मोबाइल फोन और नकद राशि लूट ली थी।
पीड़ित के आवेदन के आधार पर सोनवर्षा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। कांड के उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए डुमरांव एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली। जांच के क्रम में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिग के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में रितेश कुमार (पिता-अशोक सिंह), निवासी गिरधर बरांव, थाना सोनवर्षा, जिला बक्सर; विनय प्रकाश सिंह (पिता-शिवाजी सिंह), निवासी अगियांव बाजार, जिला भोजपुर; मिथुन कुमार (पिता-बैजनाथ सिंह), निवासी गिरधर बरांव, थाना सोनवर्षा, जिला बक्सर तथा एक नाबालिग शामिल हैं।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने किया। छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक डुमरांव अंचल अरविंद कुमार, सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार, पुलिस पदाधिकारी रंजीत कुमार एवं सोनवर्षा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments