Ad Code

रामरेखा घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान का 605वां रविवार, लोगों ने किया श्रमदान


बक्सर । "अविरल धारा, स्वच्छ किनारा – निर्मल गंगा, संकल्प हमारा" के ध्येय वाक्य के साथ छात्रशक्ति द्वारा संचालित गंगा स्वच्छता अभियान का 605वां रविवार भी पूर्ण समर्पण और उत्साह के साथ रामरेखा घाट पर संपन्न हुआ। इस विशेष श्रमदान कार्यक्रम में भाजपा बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मुख्य श्रमदानी के रूप में शामिल हुए। अभियान के संयोजक एवं भाजपा नेता सौरभ तिवारी ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने गंगा तट की सफाई की, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण किया तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरण अभियान चलाया। श्रमदान के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक आस्था और आर्थिक समृद्धि की जीवनरेखा हैं। करोड़ों लोगों की आस्था, आजीविका, कृषि, व्यापार और संस्कृति का आधार गंगा हैं, इसलिए उनकी स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है।




उन्होंने कहा कि गंगा भारतीय सभ्यता और संस्कृति की पहचान हैं। गंगा बेसिन देश के सबसे उपजाऊ क्षेत्रों में शामिल है, जहां कृषि उत्पादन का बड़ा हिस्सा निर्भर करता है। इसके अलावा गंगा पर्यटन, नौवहन, मत्स्य पालन और स्थानीय व्यापार को भी गति प्रदान करती हैं। ऐसे में गंगा संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक समृद्धि की रक्षा का भी महत्वपूर्ण दायित्व है।

मनोज सिंह ने छात्रशक्ति की टीम की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी सामाजिक अभियान की सबसे बड़ी शक्ति उसकी निरंतरता होती है। लगभग 12 वर्षों से प्रत्येक रविवार बिना किसी अवरोध के गंगा तट पर श्रमदान करना अपने आप में एक अनुकरणीय उदाहरण है। यह अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का प्रेरणादायी संदेश दे रहा है।

गौरतलब है कि छात्रशक्ति द्वारा यह अभियान 2 नवंबर 2014 से लगातार चलाया जा रहा है। प्रत्येक रविवार सुबह स्वयंसेवक गंगा तटों की सफाई, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और जनजागरण का कार्य करते हैं। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना भी विकसित कर रहा है।





अभियान के संयोजक सौरभ तिवारी ने कहा कि छात्रशक्ति का यह संकल्प तब तक जारी रहेगा, जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन की धारा हैं तथा उनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मिठाई सिंह, धनंजय राय, ज्वाला सैनी, राहुल दुबे, रोहित मिश्रा, पप्पू राय, कौशल सिंह, बैजू मिश्रा, लाला बाबा, महावीर गुप्ता, अरविंद पटेल, पवन पांडेय, बरमेश्वर चौधरी, शुभम गुप्ता, संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu