बक्सर । इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बक्सड़ा मोड़ के समीप रविवार की शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर से गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी बुधु चौधरी (40) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को भी वह ढलाई कार्य समाप्त कर ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इटाढ़ी-धनसोई मुख्य मार्ग स्थित बक्सड़ा मोड़ के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े।
हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय भानू चौधरी के पुत्र बताए जाते हैं।घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष सोनू कुमार पासवान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर से गिरने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुधु चौधरी की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments