बक्सर । भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण महाअभियान "पंडित दीनदयाल उपाध्याय-2026" के दूसरे चरण के दूसरे दिन बक्सर के बगीचा लॉन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन विधान पार्षद निवेदिता सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद भाजपा बिहार के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय तथा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन किया।
प्रशिक्षण महाअभियान के प्रथम सत्र में संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने "कार्यकर्ता विकास, गुण, आचरण एवं अपेक्षाएं" विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति और अनुशासन के महत्व से अवगत कराया। इस सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन तथा संचालन धनंजय त्रिगुण ने किया।
द्वितीय सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय ने "मीडिया विमर्श" विषय पर अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका और संगठन के पक्ष को प्रभावी ढंग से रखने के तरीकों पर प्रकाश डाला। इस सत्र की अध्यक्षता राणा प्रताप सिंह तथा संचालन अरविंद पासवान ने किया।
तृतीय सत्र में शिव नारायण पांडेय ने "सोशल मीडिया, नई तकनीक, एआई, प्रभावी सूचना तंत्र एवं संगठन के लिए सकारात्मक प्रशिक्षण निर्माण" विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। उन्होंने डिजिटल युग में संगठनात्मक मजबूती के लिए तकनीक के महत्व पर जोर दिया।
चौथे सत्र में राजेंद्र भंडारी ने "विचार परिवार" विषय पर अपने विचार रखे। इस सत्र की अध्यक्षता सदर विधायक आनंद मिश्रा तथा संचालन जिला मंत्री विनोद तिवारी ने किया।
पांचवें और अंतिम सत्र में बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने "समारोह, समाधान एवं राष्ट्रगान" विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसके कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देश के प्रति संवेदनशीलता कूट-कूट कर भरी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" का भी सामूहिक श्रवण किया गया, जिसे कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सुना।
प्रशिक्षण वर्ग में निर्भय राय जिला उपाध्यक्ष वर्ग प्रमुख की भूमिका में रहे। समापन सत्र की अध्यक्षता सदर विधायक आनंद मिश्रा ने की। कार्यक्रम में सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments