Ad Code

महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के खिलाफ राजद का धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन


बक्सर । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार तथा बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को राज्यव्यापी एक दिवसीय धरना कार्यक्रम के तहत बक्सर प्रखंड मुख्यालय पर धरना आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष ददन पासवान ने की, जबकि संचालन मनजीत यादव ने किया।

धरना को संबोधित करते हुए युवा राजद के जिला अध्यक्ष ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास रोजगार के अवसर नहीं हैं, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और गरीब व मध्यम वर्ग बढ़ती महंगाई के बोझ तले दबता जा रहा है।



उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों में भय का वातावरण बना हुआ है। साथ ही भ्रष्टाचार पर नियंत्रण लगाने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

वक्ताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में बिना रिश्वत के आम लोगों का काम नहीं हो रहा है और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसका सबसे अधिक असर गरीबों, किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और छोटे व्यवसायियों पर पड़ रहा है।





राजद नेताओं ने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। धरना कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई, किसानों की समस्याओं के समाधान तथा बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई।

धरना कार्यक्रम में भरत यादव, लालबाबू यादव, निर्मल कुशवाहा, विनोद यादव, भुटु खां, सुरेश कुमार सिंह, जगदीश पहलवान, मो. उमर फारूक, इफ्तिखार खां, शरोज राजभर, जिला महासचिव गुड्डू यादव, रामाशंकर कुशवाहा, ओमप्रकाश माली, आशिष चौरसिया, तुषार विजेता, राजा खां, शिवशंकर कुमार गोड़, राजू पासवान, सुशील कुमार खरवार, उमाशंकर चौहान, फिरोज रजक, मुन्ना गुप्ता, कन्हैया प्रसाद, साधू गोड़, करण यादव, दिनेश राम, वीरेंद्र चौधरी, राम पुजन कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu