बक्सर । जनसुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि का विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने से आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
बजरंगी मिश्रा ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर आम लोगों की रसोई पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डाला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला आम परिवारों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी वृद्धि की गई थी, जिसका असर होटल, ढाबा, मिठाई दुकान और अन्य छोटे व्यवसायों पर पड़ेगा। उनका कहना था कि कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है, जिसका बोझ अंततः आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ेगा।
जनसुराज जिला अध्यक्ष ने कहा कि सरकार उज्ज्वला योजना के जरिए गरीब परिवारों को राहत देने का दावा करती है, लेकिन गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ा रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है।
बजरंगी मिश्रा ने यह भी कहा कि विमान ईंधन (एटीएफ) और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि का असर विभिन्न क्षेत्रों पर पड़ता है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ता है। उन्होंने सरकार से मूल्य वृद्धि के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जनसुराज पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन चलाने पर विचार करेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments