बक्सर । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार और बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में 9 जून यानी मंगलवार को पूरे बिहार में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में बक्सर जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर सोमवार को सुबह 11 बजे से धरना कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
युवा राजद के जिला अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार आजाद ने बताया कि इस कार्यक्रम में राजद के नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल होकर राज्य एवं केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा धरना कार्यक्रम की व्यापक तैयारी पूरी कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि धरना के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की विफलता, किसानों की समस्याएं, युवाओं के भविष्य और गरीबों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। राजद कार्यकर्ता सरकार को जनता से जुड़े सवालों पर घेरने का काम करेंगे।
सत्येन्द्र कुमार आजाद ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है। इसी के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से यह धरना कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
राजद नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर जनआंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments