बक्सर/पटना । सड़क दुर्घटना में घायल होकर मदद का इंतजार कर रहे एक वाहन चालक के लिए सदर विधायक आनंद मिश्र ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सहायता का हाथ बढ़ाया। पटना से बक्सर लौटने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर बिहटा के समीप एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखकर विधायक मौके पर रुक गए और घायल चालक की मदद में जुट गए।
जानकारी के अनुसार पटना से बक्सर की ओर आ रही एक पिकअप वैन और विपरीत दिशा से आ रही गैस सिलेंडर लदी ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के अंदर फंस गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर कई वाहन गुजर रहे थे, लेकिन घायल की सहायता के लिए कोई नहीं रुक रहा था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक आनंद मिश्र ने तत्काल एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। उनके साथ मौजूद सहयोगियों ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए घायल चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। एंबुलेंस के पहुंचने के बाद घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। विधायक ने बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों से भी संपर्क किया।
विधायक के घटनास्थल पर रुकने के बाद आसपास के स्थानीय लोग भी सहायता के लिए आगे आए और घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में समय पर मिली मदद कई बार जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाती है। विधायक आनंद मिश्र की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments