बक्सर । नगर पंचायत चौसा क्षेत्र में व्याप्त बिजली समस्याओं के विरोध में बुधवार को महादेव घाट चौसा में बिजली उपभोक्ताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं जनसभा का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पंचायत चौसा के उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत चौसा के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से बिजली आपूर्ति, जर्जर लाइन और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की समस्या बनी हुई है। कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे आम उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है।
धरना-प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल), बक्सर के कार्यपालक अभियंता के नाम संबोधित ज्ञापन विभागीय अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में वार्ड संख्या 11, 12, 13 एवं 14 के साथ-साथ रेलवे स्टेशन चौसा, न्यायीपुर, कनक नारायणपुर, नंदपुर एवं अखौरीपुर गोला क्षेत्र को ग्रिड लाइन कनेक्शन से जोड़ने की मांग की गई।
इसके अलावा कनक नारायणपुर वार्ड संख्या 11 की घनी आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को जनसुरक्षा के मद्देनजर गांव की बाहरी सीमा से स्थानांतरित करने की मांग की गई। वहीं रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर को बदलकर 200 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने तथा स्टेट बैंक अखौरीपुर गोला-सासाराम मुख्य पथ के समीप स्थित ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की भी मांग उठाई गई।
उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने कहा कि यह आंदोलन जनता के अधिकार, सुरक्षा और बेहतर बिजली व्यवस्था के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग द्वारा जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में विकास राज, रामबाबू वार्ड पार्षद, अजीत सिंह, छोटेलाल चौधरी वार्ड पार्षद, सोनू गौड़, ओम प्रकाश शर्मा, प्रेम प्रकाश शर्मा, राकेश यादव, अभिषेक गुप्ता, आर्यन, लालमोहर राम, विक्की मालाकार, कल खरवार, रूपक कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं बिजली उपभोक्ता शामिल रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments