Ad Code

मुहर्रम को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च, 128 दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात



बक्सर । मुहर्रम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का संदेश देते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की गई।

फ्लैग मार्च ज्योति चौक, खलासी मुहल्ला, यमुना चौक, ठठेरी बाजार, बड़ी मस्जिद होते हुए मॉडल थाना तक निकाला गया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही।




मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रशासन के अनुसार जिले में 128 स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, 31 गश्ती दल, 2 जोनल दंडाधिकारी तथा 2 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) की तैनाती की गई है। इसके अलावा ताजिया जुलूसों के साथ भी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 107 लाइसेंसी ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। इनमें बक्सर अनुमंडल में 48 तथा डुमरांव अनुमंडल में 59 ताजिया जुलूस शामिल हैं। 25 जून से ताजिया की मिट्टी लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि 26 जून को शहादत की रात और 27 जून को पहलाम का कार्यक्रम आयोजित होगा।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुरूप रहे तथा सभी जुलूसों के लिए अनुमंडल पदाधिकारी से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। जुलूसों में डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही भड़काऊ नारेबाजी, उत्तेजक गीतों और हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक लगाई गई है।







प्रशासन ने जुलूस आयोजकों से 10 से 25 जिम्मेदार व्यक्तियों का नाम, पता एवं आधार विवरण प्राप्त कर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी अंडरटेकिंग लेने का निर्देश दिया है। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी भी अनिवार्य की गई है।

संवेदनशील स्थलों, कब्रिस्तानों एवं जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं और एम्बुलेंस व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक संदेशों पर निगरानी रखने के लिए साइबर थाना और साइबर सेनानी व्हाट्सएप समूहों को सक्रिय कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu