Ad Code

बाल श्रम के खिलाफ बक्सर में बड़ा अभियान, डुमरांव-राजपुर से चार बच्चे मुक्त, नियोजकों पर होगी कार्रवाई


बक्सर । जिले में बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत बुधवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की टीम ने डुमरांव और राजपुर प्रखंड में छापेमारी कर चार बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के बाद सभी बच्चों को आवश्यक कार्रवाई हेतु बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं संबंधित नियोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।




श्रम विभाग द्वारा गठित धावादल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं कार्यस्थलों की जांच की। अभियान के दौरान चार बच्चों को श्रम कार्य करते हुए पाया गया, जिन्हें तत्काल मुक्त कराकर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। इसके बाद बच्चों को आगे की आवश्यक प्रक्रिया और पुनर्वास के लिए जिला बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया।

विशेष अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी केसठ, चक्की, चौगाई, राजपुर, चौसा एवं इटाढ़ी शामिल रहे। कार्रवाई को सफल बनाने के लिए डुमरांव एवं धनसोई थाना की पुलिस टीम भी धावादल के साथ मौजूद रही। इसके अलावा स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के सदस्यों ने भी अभियान में सहयोग किया।





श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम कानून का उल्लंघन करने वाले नियोजकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुक्त कराए गए बच्चों को शिक्षा, पुनर्वास एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, ताकि वे सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

अधिकारियों ने कहा कि बक्सर जिले में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग समय-समय पर छापेमारी और निरीक्षण कर ऐसे मामलों पर नजर रख रहा है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu