Ad Code

डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में नवजात की जान पर बनी थी आफत, प्रभारी अस्पताल प्रबंधक निलंबित


बक्सर । डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में विद्युत आपूर्ति बाधित होने और एमएनसीयू (MNCU) में भर्ती नवजात शिशु के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद तत्काल प्रभाव से प्रभारी अस्पताल प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि उनके विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं के आलोक में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव ने 9 जून 2026 को अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उपाधीक्षक, अस्पताल कर्मियों एवं उपस्थित विद्युत मिस्त्री ने बताया कि ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण पूरे अस्पताल की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।




बताया गया कि जेनरेटर से बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिक लोड के कारण आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। इसके बाद विद्युत कनेक्शन को सीधे जोड़कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया, किंतु तार में फॉल्ट होने के कारण बीच का तार जल गया और एमएनसीयू की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

जांच रिपोर्ट के अनुसार ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने से एमएनसीयू में भर्ती एक नवजात शिशु की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए नवजात को बाहर निकालकर उपचार किया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। बाद में बिजली आपूर्ति सामान्य होने पर उसे पुनः एमएनसीयू में रखकर देखभाल शुरू की गई।






मामले की जांच के उपरांत समर्पित प्रतिवेदन के आधार पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, डुमरांव सह प्रभारी अस्पताल प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं प्रभारी उपाधीक्षक स्वास्थ्य, अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव के विरुद्ध प्रपत्र-क गठित किया गया है। इसके अलावा जिला परियोजना प्रबंधक (स्वास्थ्य) एवं सिविल सर्जन से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिला प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए प्रभारी अस्पताल प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया जारी है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu