बक्सर । रोटरी क्लब ऑफ बक्सर एवं मानवाधिकार संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को केसठ गांव स्थित शहीद मोहम्मद असलम के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शहीद की धर्मपत्नी श्रीमती जुबैदा खातून से मुलाकात कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया तथा उन्हें "रोटरी वीर सैनिक सम्मान" से सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान जुबैदा खातून को शॉल, सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने शहीद मोहम्मद असलम के राष्ट्र के प्रति समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान एवं समर्थन व्यक्त किया।
रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का बलिदान अमूल्य है। ऐसे वीर सपूतों के परिवारों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने श्रीमती जुबैदा खातून को नारी शक्ति की सशक्त मिसाल बताते हुए कहा कि उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी अपने तीन बच्चों का साहसपूर्वक पालन-पोषण कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मुलाकात के दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिले। शहीद की स्मृतियों को याद करते हुए श्रीमती जुबैदा खातून की आंखें नम हो गईं। इस दौरान डॉ. दिलशाद आलम ने उन्हें सांत्वना देते हुए पूरे परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल ने शहीद परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने के लिए संबंधित सैनिक संस्थानों एवं अधिकारियों से संपर्क करने का निर्णय लिया। साथ ही शहीद मोहम्मद असलम की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से एक शहीद स्मारक के निर्माण के प्रस्ताव पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के सचिव एस. एम. साहिल, रोटरैक्ट सदस्य राहुल कुमार, मनीष पांडेय, सुहैब अली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीद मोहम्मद असलम के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं और समर्थन व्यक्त किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments