बक्सर । भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बेलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत के मामले में न्याय की मांग अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगी है। रविवार की शाम संकल्प सेवा के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की। हाथों में मोमबत्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से मार्च करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
कैंडल मार्च का नेतृत्व संस्था के जिला अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने किया। मार्च कमलदह पोखरा से प्रारंभ होकर वीर कुंवर सिंह चौक तक पहुंचा। इस दौरान प्रतिभागियों ने भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से सच्चाई सामने लाने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान राहुल पांडेय ने कहा कि किसी भी नागरिक को न्याय दिलाना लोकतंत्र की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में सवाल उठ रहे हैं तो उसकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।
मार्च के समापन पर अंकित पांडेय ने उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि न्याय और सत्य की स्थापना के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।
कैंडल मार्च में ऋषु, आनंद, सिद्धार्थ, आदित्य, अंकित पांडेय, रोहित तिवारी, मोहित तिवारी, सनी सिंह, सूर्य, नितेश सहित संस्था के सभी सदस्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं पदाधिकारी तथा सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पूरे मार्च के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा और लोगों ने एकजुट होकर न्याय की मांग को बुलंद किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments