Ad Code

जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप, शेरू सिंह की पत्नी ने मुख्य सचिव से लगाई न्याय और सुरक्षा की गुहार


बक्सर । बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर गांव निवासी चर्चित बंदी ओंकार नाथ सिंह उर्फ शेरू सिंह की पत्नी लक्की सिंह ने बिहार सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने पति की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, बताया जा रहा है कि शेरू सिंह सहित कुल 17 बंदी अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर हैं।

मुख्य सचिव को भेजे गए आवेदन में लक्की सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पति वर्तमान में भागलपुर स्थित शहीद जुब्बा साहनी केंद्रीय कारा में बंद हैं, जहां उन्हें जेल अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार को न तो वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत करने की अनुमति दी जा रही है और न ही उनके पति को समुचित भोजन एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।




आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शेरू सिंह को सड़ा-गला भोजन और संक्रमित पानी दिया जा रहा है तथा उन्हें ऐसे जर्जर वार्ड में रखा गया है जो कभी भी ढह सकता है। लक्की सिंह ने आशंका जताई है कि ऐसी परिस्थितियां उनके पति के स्वास्थ्य और जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं।

उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उनके पति सजायाफ्ता होने के साथ-साथ कई अन्य मामलों में विचाराधीन कैदी भी हैं, जिनकी सुनवाई विभिन्न न्यायालयों में लंबित है। बावजूद इसके उन्हें कई बार न तो न्यायालय में सशरीर प्रस्तुत किया जाता है और न ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराई जाती है।






लक्की सिंह ने आरोप लगाया है कि इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें आशंका है कि जेल प्रशासन उनके पति की हत्या की साजिश रच रहा है। उन्होंने मुख्य सचिव से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, शेरू सिंह की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जेल में बंद अन्य अनशनरत कैदियों की स्थिति की भी जांच कराने की मांग की है।

हालांकि, इस मामले में जेल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासनिक पक्ष मिलने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu