बक्सर/आरा । बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत केसठ प्रखंड के रामपुर गांव की बेटी सौम्या कुमारी ने राज्यस्तरीय वुशू प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। भाजपा नेता सोनू तिवारी की पुत्री सौम्या बचपन से ही खेल के प्रति समर्पित रही हैं और लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आ रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से बक्सर और भोजपुर दोनों जिलों में खुशी का माहौल है।
भागलपुर के खेल भवन सह व्यायामशाला में 5 से 7 जून तक आयोजित 16वीं बिहार राज्य सब जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका वुशू प्रतियोगिता में बिहार के 22 जिलों से करीब 270 खिलाड़ी, कोच और रेफरी शामिल हुए। प्रतियोगिता में भोजपुर जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताओलू स्पर्धा में 39 अंकों के साथ उपविजेता तथा सांडा स्पर्धा में 59 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
ताओलू स्पर्धा के सब जूनियर वर्ग में सौम्या कुमारी ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं प्रिंस कुमार ने स्वर्ण और अंकुश दुबे ने रजत पदक प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में रणवीर राज और रिधि कुमारी ने स्वर्ण, जबकि इशांत ठाकुर एवं राजलक्ष्मी ने रजत पदक हासिल किए।
सौम्या वर्तमान में आरा में रहकर पढ़ाई के साथ वुशू का प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी सफलता के पीछे अंतरराष्ट्रीय वुशू खिलाड़ी रह चुकीं दीक्षा सिंह और निधि सिंह का महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है। दोनों बहनें वर्षों से बक्सर और आसपास की बेटियों को प्रशिक्षित कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर रही हैं।
दीक्षा सिंह और निधि सिंह स्वयं देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अब वे अपने अनुभव का लाभ नई पीढ़ी को दे रही हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों बहनों के प्रयासों से जिले में वुशू खेल को नई पहचान मिली है और बड़ी संख्या में बेटियां इस खेल से जुड़ रही हैं।
प्रतियोगिता में भोजपुर जिले से 32 खिलाड़ियों, कोचों एवं अधिकारियों की टीम ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग की कोच पूजा सिंह तथा बालक वर्ग के कोच नंदन कुमार थे। वहीं वुशू एकलव्य केंद्र भोजपुर के एनआईएस कोच ऋषभ कुमार तिवारी तकनीकी पदाधिकारी और भोजपुर वुशू संघ के महासचिव राजेश प्रसाद ठाकुर जूरी ऑफ अपील की भूमिका में रहे। समापन समारोह में दोनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
भोजपुर वुशू संघ के अध्यक्ष डॉ. के.एन. सिन्हा, उपाध्यक्ष स्मिता सिंह तथा अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सौम्या की सफलता को जिले की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सही प्रशिक्षण से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।
राजेश प्रसाद ठाकुर ने बताया कि वुशू (कुंग-फू) चीन की प्रसिद्ध मार्शल आर्ट है, जिसे ताओलू और सांडा श्रेणियों में खेला जाता है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के लिए किया जाता है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments