बक्सर । जिले के गिरधर बरांव गांव की प्रतिभाशाली बेटी खुशबू सिंह ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 54वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन उप समाहर्ता (एसडीएम) पद पर हुआ है। खुशबू की इस सफलता से पूरे क्षेत्र, जिले और परिवार में खुशी का माहौल है।
खुशबू सिंह सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक सुदामा सिंह एवं आरती देवी की पुत्री हैं। उनका परिवार वर्तमान में बक्सर के सिविल लाइंस क्षेत्र में निवास करता है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद खुशबू ने अपनी मेहनत, लगन और स्वाध्याय के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।
अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए खुशबू सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और परिवार के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसके प्रति समर्पण के साथ लगातार प्रयास किया जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
खुशबू के भाई ओम जी सिंह ने बहन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने आज पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि खुशबू की उपलब्धि परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।
खुशबू सिंह की इस ऐतिहासिक सफलता पर गांव के गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
खुशबू सिंह की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बक्सर जिले और बिहार के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments