Ad Code

UPSC IFOS में बक्सर के प्रित्येश राज का परचम, देशभर में हासिल की 79वीं रैंक



बक्सर । शनिवार का दिन बक्सर जिले के लिए गर्व और गौरव का ऐतिहासिक क्षण बन गया, जब शहर के अंबेडकर चौक निवासी प्रित्येश राज ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा UPSC IFOS (Indian Forest Service) में सफलता हासिल करते हुए पूरे देश में 79वीं रैंक प्राप्त की। जैसे ही यह खबर शहर में फैली, परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

प्रित्येश राज एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। उनके पिता प्रफुल्ल कुमार बिजली विभाग में निजी कार्य करते हैं, जबकि माता मधुबाला देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बच्चों की शिक्षा और संस्कारों में कभी कमी नहीं आने दी। आज उसी तपस्या का परिणाम पूरे जिले के सामने प्रेरणा बनकर खड़ा है।




प्रित्येश राज की प्रारंभिक शिक्षा बक्सर के DAV Public School Buxar से हुई, जहां उन्होंने वर्ष 2013 में सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक उत्तीर्ण किया। इसके बाद उन्होंने Delhi Public School Bokaro से इंटरमीडिएट किया। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पिलानी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की तथा GATE परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद Indian Institute of Technology Delhi से एमटेक किया।

बेहतर नौकरी के अवसर होने के बावजूद उन्होंने देशसेवा का सपना चुना और यूपीएससी की कठिन तैयारी में जुट गए। वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने आखिरकार उन्हें भारतीय वन सेवा में सफलता दिला दी।




परिवार की उपलब्धियां भी प्रेरणादायक हैं। छोटी बहन गरिमा राज असिस्टेंट प्रोफेसर हैं, जबकि सबसे छोटी बहन अंकिता राज स्केटिंग में स्टेट चैंपियन रह चुकी हैं। ऐसे प्रतिभाशाली परिवार की यह सफलता अब पूरे बक्सर की पहचान बन गई है।

प्रित्येश राज की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि सफलता केवल बड़े शहरों या संपन्न परिवारों की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और परिवार के सहयोग से छोटे शहरों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

उनकी सफलता से बक्सर जिले के हजारों युवाओं को यह संदेश मिला है कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार हो तो मंजिल जरूर मिलती है। प्रित्येश राज को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शुभकामना देने वालों में पंकज ठाकुर, चंद्रकिशोर उर्फ गुड्डू, लक्ष्मी प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग शामिल हैं।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu