Ad Code

पांच साल से अनावरण का इंतजार कर रही प्रथम सांसद कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा, विधानसभा में गूंजा मामला,प्रधान सचिव से रिपोर्ट तलब,विधायक राहुल सिंह बोलें- इतिहास का हो रहा अपमान


बक्सर । डुमरांव के प्रथम लोकसभा सांसद एवं पूर्व महाराजा कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का पांच वर्षों से अनावरण नहीं होने का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। जेडीयू के डुमरांव विधायक राहुल सिंह द्वारा विधानसभा में उठाए गए सवाल के बाद कार्रवाई शुरू हो गई है। विधानसभा के अवर सचिव ने इस मामले में प्रधान सचिव से दस दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है।



गौरतलब है कि डुमरांव राज परिवार के महाराजा कमल बहादुर सिंह का 5 जनवरी 2020 को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। आजादी के बाद वर्ष 1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में वे मात्र 25 वर्ष की आयु में शाहाबाद नॉर्थ वेस्ट क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 1957 में बक्सर संसदीय क्षेत्र के गठन के बाद उन्होंने दूसरी बार लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। बाद में राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के चलते उन्होंने सक्रिय राजनीति से खुद को अलग कर लिया था।

पूर्व सांसद के निधन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डुमरांव पहुंचे थे और लोगों की मांग पर उनकी प्रतिमा लगाने की सहमति दी थी। वर्ष 2020 में प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई। भवन निर्माण विभाग द्वारा 19 लाख 29 हजार 100 रुपये की लागत से अनुमंडल कार्यालय परिसर के सामने स्थित गार्डेन में स्थल विकास एवं प्रतिमा स्थापना का कार्य पूरा कर लिया गया।




हालांकि प्रतिमा स्थापना के पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक उसका अनावरण नहीं हो सका है। प्रतिमा आज भी प्लास्टिक से ढकी हुई है। इस मुद्दे को विधानसभा में उठाते हुए विधायक राहुल सिंह ने कहा कि प्रतिमा का अनावरण नहीं होना केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज का अनादर है। उन्होंने सरकार से शीघ्र अनावरण कराने की मांग की।

विधानसभा में सवाल उठने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। विधानसभा सचिवालय की ओर से प्रधान सचिव को पत्र भेजकर ध्यानाकर्षण का जवाब दस दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है। माना जा रहा है कि जवाब आने के बाद प्रतिमा अनावरण की दिशा में पहल तेज हो सकती है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu