बक्सर । उत्पाद विभाग की टीम को मंगलवार की सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट (ऊपरी पुल) पर जांच अभियान के दौरान एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि यह कार्रवाई चेक पोस्ट प्रभारी उत्पाद इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। मंगलवार की सुबह करीब चार बजे नियमित जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। बरामद माल में Budweiser बीयर और Classic Old Habit व्हिस्की के विभिन्न पैक शामिल हैं।
उत्पाद विभाग के अनुसार ट्रक से कुल 491 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 3456 लीटर विदेशी शराब और 1188 लीटर बीयर शामिल है। कुल बरामद मात्रा 4644 लीटर बताई गई है।
मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान सोनू सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के नागपुर का निवासी बताया गया है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ डीसीएम ट्रक को भी जब्त कर लिया है। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments