बक्सर । बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के बाद बक्सर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। एहतियातन गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए रविवार को सदर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय ने रामरेखा घाट का निरीक्षण किया और नाव संचालन से जुड़े नियमों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अब घाटों पर ‘नो सेफ्टी, नो सफर’ का सख्ती से पालन होगा। बिना लाइफ जैकेट किसी भी यात्री को नाव पर बैठाने की अनुमति नहीं होगी। सभी नाविकों के लिए पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों ने नाविकों, पंडा समाज और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही खराब मौसम या तेज हवा की स्थिति में नाव संचालन पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने पुलिस को घाटों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल के बाद घाटों पर सतर्कता बढ़ गई है और लोगों में भी सुरक्षा नियमों को लेकर जागरूकता देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में घाटों पर नियमित जांच और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की संभावना है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments