बक्सर । जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-120 पर नावानगर प्रखंड मुख्यालय के समीप शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतक की पहचान बाबूगंज इंग्लिश निवासी 43 वर्षीय विनोद कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह इन दिनों नावानगर में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे। शनिवार सुबह बाजार जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन लौटने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जाता है कि विनोद कुमार सिंह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments