बक्सर । जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर हुई लूटकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, देशी पिस्टल, वीडियो कैमरा और मोबाइल भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को रोहतास जिले के छपरा टोला निवासी पंकज कुमार मनोहरपुर गांव से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के कवल पोखर के समीप अपराधियों ने हथियार के बल पर उनका वीडियो कैमरा, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट लिया था। इस मामले में इटाढ़ी थाना में कांड संख्या 79/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय आसूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुजातपुर निवासी मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपने अन्य साथियों की संलिप्तता स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुजातपुर निवासी मनीष ठाकुर उर्फ अंशु ठाकुर तथा जगमनपुर निवासी प्रेमचंद पाठक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार प्रेमचंद पाठक पर पहले से लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी नियमानुसार निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वीडियो कैमरा, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक देशी पिस्टल बरामद किया है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के अलावा पुलिस निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, पुलिस निरीक्षक सुधीर कुमार, इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनु कुमार पासवान, धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार, दीपक कुमार झा तथा डीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments