बक्सर । जिले के नैनीजोर थाना क्षेत्र स्थित बेयासी पुल गंगा घाट पर सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे बाद मंगलवार दोपहर उसका शव बरामद किया गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबहा पंचायत के मैनपुरी गांव निवासी वैभव कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वैभव हरिद्वार में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था और कुछ दिन पूर्व ही मुंडन संस्कार में शामिल होने अपने ननिहाल ब्रह्मपुर आया था।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह वैभव अपने मामा के घर से गायघाट होते हुए बेयासी पुल घाट पर स्नान करने गया था। इसी दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया और तेज धारा की चपेट में आकर लहरों में समा गया। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह आंखों से ओझल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी देर तक युवक की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। मंगलवार सुबह एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। दोपहर करीब दो बजे युवक का शव नदी से बरामद किया गया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में मुंडन संस्कार की खुशियां थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। मैनपुरी गांव और ननिहाल ब्रह्मपुर दोनों जगह मातम का माहौल है। वैभव की असमय मौत ने हर किसी को गमगीन कर दिया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments