बक्सर । केंद्रीय कारा (सेंट्रल जेल) परिसर में स्थित भगवान विष्णु के पांचवें अवतार वामन भगवान का लगभग 140 वर्ष पुराना ऐतिहासिक मंदिर अब जेल परिसर से अलग किया जाएगा।
इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि कल 23 मई को बक्सर आगमन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने करकमलों से इस ऐतिहासिक पहल की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार वर्ष 1880 में अंग्रेजी हुकूमत के दौरान बक्सर जेल का निर्माण कराया गया था। उसी समय यह प्राचीन व ऐतिहासिक वामन भगवान मंदिर जेल की चारदीवारी के भीतर चला गया। हिंदू मान्यताओं के अनुसार बक्सर का प्राचीन सिद्धाश्रम क्षेत्र भगवान वामन की अवतरण स्थली माना जाता है। ऐसे में मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को जेल प्रशासन की अनुमति एवं नियमों का पालन करना पड़ता था, जिससे खासकर महिलाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
श्रद्धालुओं की इसी समस्या को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने पूर्व में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ज्ञापन सौंपकर मंदिर को जेल परिसर से मुक्त कराने की मांग की थी।
अब मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी द्वारा इस मांग को स्वीकार किए जाने से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने बक्सरवासियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में बक्सर के धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप को विकसित कर इसे बड़े आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments