बक्सर-पटना फोरलेन एनएच-922 पर ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा गांव के समीप मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बारात से लौट रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के गांव में मातम पसर गया है।
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया गांव निवासी 30 वर्षीय मुकेश नट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुकेश नट अपने रिश्तेदार की बारात में शामिल होने बक्सर आए थे। बारात से लौटने के दौरान स्कॉर्पियो में कुल आठ लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, गरहथा गांव के पास आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक के साला गुड्डू कुमार ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मुकेश नट की हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाद में शव को वापस बक्सर सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जाता है कि मुकेश नट अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी पुष्पा देवी, चार बेटियां अंजली, सोनी, नंदिनी और काव्या तथा एक पुत्र बलिराम उर्फ गोलू हैं। हादसे की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments