बक्सर । केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में हेड कांस्टेबल/जीडी के पद पर 23 वर्ष 1 माह तक सेवा देने के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्त हुए रितेश कुमार पांडेय शनिवार को अमृत भारत ट्रेन से अपने गृह जिला बक्सर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर उनके आगमन के साथ ही ढोल-नगाड़ों के बीच जोरदार स्वागत किया गया।
स्टेशन से शहर भ्रमण करते हुए वे गोलंबर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद अपने पैतृक गांव हरिकिशुनपुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
गांव के प्राथमिक मध्य विद्यालय प्रांगण में हावड़ा नवज्योति सेवा संस्थान के सहयोग से एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्थान के सक्रिय सदस्य विजय खरवार के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने भाग लिया। समारोह में सेवानिवृत्त जवान को अंगवस्त्र, पुष्पमाला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए रितेश कुमार पांडेय ने कहा कि उन्होंने अब तक देश की सेवा की है और अब गांव लौटकर समाज को शिक्षित और सशक्त बनाने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को पाठ्य सामग्री की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही हर वर्ष विद्यालय परिसर में सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन वे स्वयं अपने खर्च से करेंगे।
उन्होंने नवज्योति सेवा संस्थान द्वारा वर्षों से गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और असहाय लोगों की सहायता के कार्यों की सराहना की। संस्थान के सचिव प्रभात मिश्रा के समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से गांव में निःशुल्क शैक्षणिक व्यवस्था संचालित हो रही है, जो अत्यंत सराहनीय है।
रितेश पांडेय ने कहा कि वे भी इस पहल से जुड़कर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और समाज के विकास में योगदान देंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments