बक्सर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर डुमरांव के स्थानीय अनंत विजयम एकेडमी सभागार में प्रमुख जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दक्षिण प्रांत के प्रांत शिक्षण प्रमुख उपेंद्र भाई त्यागी ने कहा कि व्यक्ति निर्माण के बिना राष्ट्र निर्माण संभव नहीं है।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे सौ समर्पित लोगों के माध्यम से भारत को विश्व गुरु बनाना चाहते थे। इसी सोच से प्रेरित होकर करीब सौ वर्ष पूर्व डॉ केशव बलराम हेडगेवार ने नागपुर में संघ की स्थापना की थी।
अपने संबोधन में त्यागी ने कहा कि संघ की शाखाओं में व्यक्ति का सर्वांगीण विकास किया जाता है, जो समाज और राष्ट्र के उत्थान का आधार है। उन्होंने छत्रपति शिवाजी, गुरु गोविंद सिंह और डॉ हेडगेवार को जन्मजात देशभक्त बताते हुए उनके जीवन प्रसंगों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि डॉ हेडगेवार ने बचपन से ही राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया और कठिन परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर समाज व राष्ट्र के लिए समर्पित जीवन जिया।
उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष में बड़े आयोजन की बजाय छोटे-छोटे कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंच बनाने की योजना है। इस अवसर पर “पंच परिवर्तन” के तहत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व आधारित जीवन, नागरिक कर्तव्यबोध और शिष्टाचार जैसे विषयों पर विशेष बल दिया जा रहा है।
त्यागी ने सामाजिक विकृतियों पर चिंता जताते हुए परिवार और संस्कारों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे हनुमान चालीसा और गीता पाठ से नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित किए जा सकते हैं। साथ ही जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से एक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन भोजपुर विभाग कार्यवाह विमल जी ने किया, जबकि अध्यक्षता नगर संचालक वीरेंद्र राय ने की। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के निदेशक चंदन मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर जय शंकर पांडे, राजीव भगत, रघुवर सिंह, संतोष जी, ओम ज्योति भगत, वंदना भगत, रमेश केशरी, उपेंद्र गौतम, पुष्पांजलि चौबे, जितेंद्र तिवारी, संजय चौबे, प्रो. राजेंद्र प्रसाद, भरत श्रीवास्तव सहित सैकड़ों प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments