बक्सर । जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजरिया गांव में रविवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की गड़ासे से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना में मृतक की पत्नी और पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा यादव (35 वर्ष), पिता रामाशीष यादव, का अपने बड़े भाई अक्षयबर यादव (50 वर्ष) के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार की सुबह विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब अक्षयबर यादव की पत्नी मीना देवी घर के आंगन में मिट्टी का चूल्हा साफ कर रही थीं। तभी कृष्णा यादव वहां पहुंचे और चूल्हा तोड़ते हुए गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चूल्हा उनके हिस्से की जमीन पर बना हुआ है।
शोर सुनकर अक्षयबर यादव मौके पर पहुंचे और छोटे भाई को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। इसी दौरान कृष्णा यादव ने पास में रखे गड़ासे से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अक्षयबर यादव के दोनों हाथ गंभीर रूप से कट गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी हालत मौके पर ही बिगड़ गई।
पति को बचाने पहुंची मीना देवी और बेटे विकास कुमार (18 वर्ष) पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। इस हमले में मीना देवी के हाथ में गहरे जख्म आए, जबकि विकास कुमार के गर्दन के पास गंभीर चोट लगी है। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहले चौगाई और बाद में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अक्षयबर यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल मां-बेटे का इलाज जारी है।
घायल विकास कुमार ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद काफी समय से चल रहा था। आरोपी चाचा पहले ही दादी से तीन कट्ठा जमीन अपने नाम करा चुके थे, जिसके बाद से घर में हिस्सेदारी को लेकर तनाव बना हुआ था। इस मामले में कई बार थाने में शिकायत भी की गई, लेकिन हर बार समझौता कराकर दोनों पक्षों को वापस भेज दिया जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि दो भाइयों के बीच जमीनी विवाद में छोटे भाई ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें घायल बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments