Ad Code

बक्सर सदर सीओ राहुल कुमार निलंबित, लापरवाही और खराब कार्यशैली पर गिरी गाज



बक्सर । जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचलाधिकारी राहुल कुमार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने निलंबित कर दिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश संख्या 15/ आरोप -02-47/2026 के तहत उन पर लगे कई गंभीर आरोपों को आधार बनाते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार पर मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा में व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री के भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में शामिल नहीं होने और इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अनदेखी को भी गंभीर लापरवाही माना गया है।



राजस्व वसूली के मामले में भी उनका प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। निर्धारित लक्ष्य 134.27 लाख रुपये के मुकाबले मात्र 34.4 लाख रुपये की वसूली की गई, जिससे सरकारी राजस्व पर प्रतिकूल असर पड़ा। वहीं, उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं करना और न्यायालय की अवमानना जैसे आरोप भी उन पर लगाए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, आगामी जनगणना 2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न करने के प्रयास को विभाग ने अत्यंत गंभीर माना है। इन सभी आरोपों को संज्ञान में लेते हुए राहुल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, पूर्णिया प्रमंडल निर्धारित किया गया है।




जनता में राहत का माहौल

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में संतोष और राहत का माहौल देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि पदस्थापना के बाद से ही उनकी कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी थी। आम जनता से दूरी और समस्याओं के समाधान में उदासीनता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व अंचलाधिकारी प्रशांत शांडिल्य के कार्यकाल में जन समस्याओं का समाधान अपेक्षाकृत तेज और प्रभावी तरीके से होता था, जबकि हाल के दिनों में कार्यालय में लापरवाही और टालमटोल की स्थिति बनी हुई थी।

प्रशासनिक सख्ती का संदेश

इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक कड़ा कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और आदेशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu