बक्सर । मंगलवार को जिले में अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत श्रद्धा और जागरूकता के साथ हुई। इस क्रम में डुमरांव अग्निशामालय कार्यालय में फायर ब्रिगेड के पदाधिकारियों व कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर विभागीय शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारी और जवानों ने अग्नि सुरक्षा सप्ताह का पिन फ्लैग लगाया। साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को भी पिन फ्लैग पहनाकर अभियान से जोड़ा गया।
पहले दिन फायर कर्मियों ने डुमरांव स्थित सविता क्लिनिक हॉस्पिटल एवं रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आग से बचाव को लेकर मॉकड्रिल और सुरक्षा ऑडिट किया। इस दौरान अग्निशमन यंत्रों की जांच की गई और कर्मचारियों को आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीके बताए गए।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी ने बताया कि 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर एस.एस. फोर्ट स्टिकिन नामक मालवाहक जहाज में लगी भीषण आग को बुझाने के दौरान 66 फायरमैन शहीद हो गए थे। उन्हीं की स्मृति में हर वर्ष यह सप्ताह मनाया जाता है।
इस दौरान साप्ताहिक सेवा दिवस के तहत आम लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। पूरा कार्यक्रम जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास कुमार सिंह के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी शिखा कुमारी के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 का थीम है— “Safe School, Safe Hospital & Fire Safety Awareness Society—Together for Fire Prevention” यानी “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—आग की रोकथाम के लिए एक साथ।”
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments