पटना । बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। सम्राट चौधरी को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक में नेता चुन लिया गया है, जिसके बाद उनके राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। बैठक में उनके नाम की घोषणा विजय सिन्हा ने की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पार्टी के पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे।
सम्राट चौधरी के नाम का समर्थन दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय ने भी किया, जिसके बाद सर्वसम्मति से उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया।
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी से राजभवन पहुंचे थे।
नीतीश कुमार ने 20 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 14 अप्रैल 2026 को इस्तीफा देने के साथ उनका यह कार्यकाल महज 145 दिनों का रहा। यह उनका दूसरा सबसे छोटा कार्यकाल माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2000 में उन्होंने 3 मार्च को शपथ ली थी, लेकिन 10 मार्च को ही इस्तीफा देना पड़ा था।
मंगलवार सुबह से ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज थी। मुख्यमंत्री आवास पर सुबह-सुबह संजय झा, विजय चौधरी और ललन सिंह पहुंचे थे। इसके बाद सम्राट चौधरी भी वहां पहुंचे। करीब आधे घंटे की बैठक के बाद नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय चौधरी एक ही गाड़ी से बाहर निकले, जिसने सियासी हलचल को और तेज कर दिया।
इधर, इस्तीफे से पहले हुई आखिरी कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि 2005 में सत्ता में आने के बाद उन्होंने पूरी निष्ठा से काम किया और आने वाली सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। बैठक के बाद कई मंत्रियों ने उनके कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments