बक्सर । जिले के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक केंद्र रघुनाथपुर स्थित तुलसी आश्रम को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल तेज हो गई है। बक्सर सदर विधायक आनन्द मिश्रा ने पर्यटन मंत्री को पत्र लिखकर तुलसी आश्रम को आधिकारिक रूप से धार्मिक पर्यटक स्थल घोषित करने की मांग की है।
इस पहल के सफल होने पर आश्रम को सरकारी संरक्षण मिलने के साथ-साथ इसे एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश ओझा ने सदर विधायक से मुलाकात कर आश्रम के विकास के लिए आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें तुलसी आश्रम को बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अंतर्गत पंजीकृत करने, रामायण सर्किट से जोड़ने, प्रतिवर्ष “तुलसी महोत्सव” आयोजित करने, आश्रम की घेराबंदी, भव्य प्रवेश द्वार और मानस पुस्तकालय निर्माण, गुरुकुल की स्थापना, तुलसी सरोवर के सौंदर्यीकरण तथा तुलसी आश्रम से बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर तक कॉरिडोर निर्माण जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की गई है।
ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्व
शाहाबाद गजेटियर (1966) सहित अन्य सरकारी अभिलेखों के अनुसार, महान संत तुलसीदास ने रघुनाथपुर में प्रवास किया था। मान्यता है कि उन्होंने यहीं रामचरितमानस के उत्तरकांड के कुछ अंशों की रचना की थी। वर्तमान में भी राजस्व अभिलेखों में उनके नाम पर लगभग 4 एकड़ 63 डिसमिल भूमि दर्ज है।
आश्रम परिसर में स्थित प्राचीन श्रीराम-जानकी मंदिर एवं महाकालेश्वर मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।
यदि तुलसी आश्रम को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाता है, तो इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और मंदिर संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही अतिक्रमण पर नियंत्रण तथा सौंदर्यीकरण एवं प्रबंधन के लिए विशेष बजट उपलब्ध हो सकेगा।
मांगों के पूरा होने पर तुलसी आश्रम और बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर क्षेत्र एक बड़े धार्मिक हब के रूप में विकसित होगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments