Ad Code

अरियांव हत्याकांड में तीन नामजद, मुख्य आरोपी फरार, पिता गिरफ्तार



बक्सर । जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत अरियांव गांव में 17 वर्षीय श्वेता कुमारी की हत्या मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका की मां रीमा देवी (पति- राजेश उपाध्याय) के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।





एफआईआर में रीमा देवी ने आरोप लगाया है कि गांव के प्रवीण उर्फ धनु उपाध्याय (पिता- परमहंस उपाध्याय) ने घटना को उनके सामने अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय उनके दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी। जैसे ही उनकी बेटी श्वेता दरवाजा खोलने पहुंची, तभी पिस्तौल लिए धनु ने उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मां ने बताया कि वह अपनी दूसरी बेटी के साथ बाहर आईं तो देखा कि धनु और उसके पिता परमहंस घटनास्थल से भाग रहे थे। धनु के हाथ में पिस्तौल थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के पिता परमहंस उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में परमहंस के दो पुत्र—प्रवीण उर्फ धनु और प्रकाश उर्फ सोनू को भी नामजद आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल फरार हैं।




कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष के अनुसार, घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया था। वहीं, मुख्य आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान नौ जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों जगह से मिले खोखे एक ही हथियार के प्रतीत हो रहे हैं।

मृतका की मां ने पूछताछ में बताया कि आपसी विवाद के कारण कुछ समय पहले आरोपी पक्ष द्वारा धमकी दी गई थी। परमहंस का दूसरा पुत्र प्रकाश उर्फ सोनू घर आकर परिवार को बर्बाद करने की धमकी दे चुका था। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu