बक्सर । जिले के डुमरांव में दिनदहाड़े गल्ला व्यवसायी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने आंशिक रूप से खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य बदमाश अब भी फरार हैं। पुलिस ने लूटे गए रुपए में से करीब 95 हजार रुपए समेत अन्य सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नंदन गांव निवासी स्वर्गीय द्वारिका गोंड के पुत्र मनु कुमार अनाज व्यवसाय से जुड़े हैं। बुधवार को वे राजगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा से एक लाख रुपये निकालकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छठिया पोखरा मोहल्ले के पास पहले से घात लगाए चार बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और रुपयों से भरा झोला छीनकर भागने लगे। झोले में एक लाख रुपये नकद के अलावा छह लाख रुपये के दो चेक और अन्य जरूरी कागजात भी थे।
घटना के बाद व्यवसायी द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों की घेराबंदी कर दी, जिससे दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। हालांकि एक बदमाश झोला लेकर फरार हो गया, जबकि चौथा आरोपी पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा था, जो अपने साथी के साथ मौके से भाग निकला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में पुराना भोजपुर फ्लाईओवर के पास से लूट की राशि में से लगभग 95 हजार रुपए बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छपरा जिले के रसुलपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रमोद तिवारी के पुत्र सागर तिवारी और कोपा थाना क्षेत्र के वासुदेव मिश्रा के पुत्र सागर मिश्रा के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments