बक्सर । समाहरणालय के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की महत्वपूर्ण बैठक सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में सौरभ तिवारी शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों और विकास की प्राथमिकताओं को प्रमुखता के साथ समिति के समक्ष रखा।
स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और रोजगार पर जोर :
सौरभ तिवारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
सड़क एवं बुनियादी ढांचे के मुद्दे पर उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत NHAI के सर्विस रोड (दलसागर, भैसहा) के निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत और नए संपर्क मार्गों के निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है।
शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में उन्होंने गिरते शैक्षणिक स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए तकनीकी शिक्षण संस्थानों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई, ताकि स्थानीय युवाओं को जिले में ही कौशल विकास और रोजगार के अवसर मिल सकें।
“बक्सर को मॉडल विधानसभा बनाने का लक्ष्य”
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सौरभ तिवारी ने कहा,
"विधायक आनंद मिश्रा जी के निर्देशानुसार हमारा लक्ष्य बक्सर को एक मॉडल विधानसभा बनाना है। सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।” बैठक में जिले के वरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments