बक्सर । जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत रघुनाथपुर पंचायत के पूर्व मुखिया स्व. श्रीराम ओझा की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के समाजसेवी, शिक्षाविद एवं उनके सहयोगियों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. ओझा के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उनकी स्मृति में आर्थिक रूप से कमजोर सैकड़ों विद्यार्थियों के बीच स्लेट, पेंसिल, कॉपी, किताब, पेन सहित अन्य पाठ्य सामग्री एवं मिठाई का वितरण किया गया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. श्रीराम ओझा एक कर्मठ नेता एवं समाजसेवी थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी। समाजसेवी गोपाल सिंह ने कहा कि उनके नेतृत्व में रघुनाथपुर में सड़क, बिजली एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए। भाजपा कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक शंभू चंद्रवंशी ने उन्हें गरीबों एवं वंचितों का सच्चा हितैषी बताया।
जदयू जिला महासचिव अजय उपाध्याय ने कहा कि उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था मजबूत रही और अधिकांश समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो जाता था। वहीं, श्रीराम ओझा मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि स्व. ओझा एक विचारधारा थे, जिनकी प्रेरणा समाज को आगे बढ़ाने में हमेशा मार्गदर्शक रहेगी।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष ‘श्रीराम ओझा मेधा सम्मान’ एवं ‘पर्यावरण मित्र सम्मान’ का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में गोपाल सिंह, अजय उपाध्याय, शंभू चंद्रवंशी, पवन मिश्रा, अनिल मुखिया, मुहम्मद राजू, रवि कुमार, आकाश मिश्रा, राकेश कश्यप, मनोज चौधरी, संतोष साह, विकास पाराशर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments