Ad Code

भीषण गर्मी को लेकर डीएम का सख्त आदेश, दोपहर 12 बजे के बाद कक्षाएं बंद



बक्सर । जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जिला दण्डाधिकारी बक्सर साहिला के आदेशानुसार जिले के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर दोपहर 12:00 बजे के बाद पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

जारी आदेश (ज्ञापांक 220/न्या०, दिनांक 20.04.2026) के बावजूद कुछ विद्यालयों के 12 बजे के बाद संचालित होने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सभी स्कूलों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा है।


प्रशासन द्वारा जारी प्रमुख निर्देशों के अनुसार अब सभी विद्यालयों (प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी एवं कोचिंग संस्थान सहित) में 12:00 बजे से पहले ही कक्षाएं समाप्त कर बच्चों को घर भेजना अनिवार्य होगा। दो शिफ्ट में चलने वाले विद्यालयों में दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच किसी भी प्रकार की कक्षा नहीं चलेगी।

सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन भी 12 बजे से पहले ही पूर्ण करना होगा। साथ ही बच्चों को निर्जलीकरण से बचाने के लिए नियमित वॉटर ब्रेक देने, स्कूल में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस उपलब्ध रखने और घर भेजने से पहले पानी पिलाने का निर्देश दिया गया है।



इसके अलावा कक्षाओं में बैठने की व्यवस्था इस तरह करने को कहा गया है कि बच्चे तेज धूप या गर्म हवा के संपर्क में न आएं। जिन निजी विद्यालयों में परिवहन सुविधा है, उनके वाहनों को भी 12 बजे से पहले ही बच्चों को लेकर रवाना करना होगा और उनमें पेयजल व ओआरएस की व्यवस्था रखना अनिवार्य किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सभी विद्यालय इन निर्देशों का सख्ती से पालन करें। साथ ही सुबह की प्रार्थना सभा भी खुले धूप में न कराकर विद्यालय के कॉरिडोर में ही आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu