बक्सर । जिले के राजपुर प्रखंड स्थित कनेहरी उच्च विद्यालय में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भीषण गर्मी के कारण स्कूल अवधि के दौरान करीब 10 छात्र-छात्राएं अचानक बेहोश हो गए। इस घटना से पूरे विद्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह चेतना सत्र समाप्त होने के बाद जैसे ही पहली कक्षा शुरू हुई, तभी बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। तेज गर्मी और लू के प्रभाव से कई छात्र-छात्राएं गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। देखते ही देखते लगभग 10 बच्चों की हालत गंभीर हो गई।
घटना के तुरंत बाद प्रधानाध्यापक अरबिंद कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए सभी प्रभावित बच्चों को पंखे के नीचे लिटाकर प्राथमिक उपचार शुरू कराया और वरीय अधिकारियों को सूचना दी। बच्चों के बेहोश होने की खबर मिलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में वे विद्यालय पहुंच गए।
सूचना मिलते ही मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और गंभीर छात्राओं को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां इलाज के बाद सभी बच्चों को दोपहर बाद स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे अब पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हालांकि यह पहली घटना नहीं है। बीते शनिवार को भी गर्मी के कारण कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी, जिससे अभिभावकों में आक्रोश और चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रशासन को इस भीषण गर्मी में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि गर्मी के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी है और पहले ही स्वास्थ्य विभाग से दवाइयों व ओआरएस की मांग की गई थी, लेकिन अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। स्थिति को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एहतियातन स्कूल की छुट्टी सुबह 9 बजे ही कर दी गई।
यह घटना एक बार फिर स्कूलों में गर्मी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम और स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत को उजागर करती है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments