Ad Code

UPSC में आदित्य कृष्ण को 540वीं रैंक, बक्सर में जश्न का माहौल



बक्सर । संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चितबड़ागांव निवासी आदित्य कृष्ण ने 540वीं रैंक हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रिजल्ट जारी होने के बाद उनके ननिहाल बक्सर से लेकर पैतृक गांव तक खुशी का माहौल है।

आदित्य कृष्ण, बक्सर सिविल कोर्ट एवं जिला अधिवक्ता संघ की प्रथम महिला अधिवक्ता तथा बिहार प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ उप समाहर्ता रहीं स्व. कंचन तिवारी के पुत्र हैं। वहीं वे बक्सर व्यवहार न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता आशुतोष ओझा के फुफेरे भाई हैं।



शनिवार को बक्सर व्यवहार न्यायालय परिसर में इस उपलब्धि पर जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर की। अधिवक्ता उमाशंकर सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल आनंद, मनीष पाठक और अधिवक्ता अमित कुमार ने आशुतोष ओझा के साथ मिलकर न्यायालय परिसर में मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

स्वजनों के अनुसार आदित्य कृष्ण के पिता का नाम अशोक तिवारी है, जबकि उनकी माता स्व. कंचन तिवारी थीं। उनका पैतृक निवास उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चितबड़ागांव में है, लेकिन उनका बचपन और अधिकतर समय बक्सर नगर के सिद्धनाथ घाट स्थित ननिहाल में बीता है। उनकी प्रारंभिक पढ़ाई भी बक्सर में ही हुई है। आदित्य की तीन बहनें हैं।







अधिवक्ता आशुतोष ओझा से मिली जानकारी के अनुसार आदित्य की प्रारंभिक शिक्षा बक्सर के चरित्रवन स्थित उडस्टॉक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग की पढ़ाई दिल्ली से पूरी की। वहीं UPSC की तैयारी भी उन्होंने दिल्ली में रहकर की और अपनी मेहनत के बल पर 540वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की।

आदित्य कृष्ण की इस सफलता पर अधिवक्ताओं, परिजनों और शहरवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu