बक्सर । शिक्षकों के प्रशिक्षण को उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप अधिक व्यावहारिक एवं उपयोगी बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डायट) डुमरांव में द्वितीय चरण की दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चंदन कुमार द्विवेदी तथा डायट डुमरांव के प्राचार्य विवेक कुमार मौर्य ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चंदन कुमार द्विवेदी ने कहा कि शिक्षकों की आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था से विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार संभव है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण तभी प्रभावी होगा, जब वह शिक्षकों के वास्तविक कक्षा-अनुभव, चुनौतियों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए।
डायट के प्राचार्य विवेक कुमार मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते शैक्षिक परिदृश्य में शिक्षक प्रशिक्षण को अधिक प्रासंगिक, परिणामोन्मुख और नवाचार आधारित बनाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला से प्राप्त निष्कर्ष भविष्य के प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यशाला के समन्वयक एवं वरीय व्याख्याता नवनीत कुमार सिंह ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में तैयार मूल्यांकन प्रपत्र के माध्यम से चयनित शिक्षकों से प्राप्त आंकड़ों का गहन विश्लेषण कर उनकी प्राथमिक प्रशिक्षण आवश्यकताओं की पहचान की गई है। इसी आधार पर आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी, जिससे प्रशिक्षण अधिक प्रभावी और उपयोगी बन सके।
गौरतलब है कि पहले चरण की कार्यशाला में शिक्षकों की आवश्यकता चिन्हित करने हेतु मूल्यांकन प्रपत्र का निर्माण किया गया था। इसके बाद यादृच्छिक रूप से चयनित शिक्षकों से उनकी शैक्षणिक एवं पेशेवर जरूरतों से संबंधित जानकारी एकत्र की गई। द्वितीय चरण की इस कार्यशाला में प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए विभिन्न रूब्रिक्स और प्रशिक्षण रणनीतियों के निर्माण पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला में समन्वयक के रूप में डायट के वरीय व्याख्याता नवनीत कुमार सिंह, विषय विशेषज्ञ मनोज त्रिपाठी एवं राम सज्जन सिंह सहित जिले के विभिन्न स्तरों के 12 शिक्षक सहभागी रहे। प्रतिभागियों में विमल कुमार सिंह, डॉ. मृत्युंजय राय, पवन कुमार मिश्रा, मो. इमाम अली, राजेश कुमार राय, रविशंकर गुप्ता, संदीप आर्य, अनमोल कुमार तथा अजीत कुमार ने सक्रिय सहभागिता रही।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments