बक्सर । चैती छठ पूजा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बक्सर नगर क्षेत्र के गंगा घाटों का जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से नाव के माध्यम से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि छठ पूजा के लिए चिन्हित पक्के घाटों के आसपास मिट्टी के घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही घाटों से कचरा अविलंब हटाकर स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया।
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चेंजिंग रूम तथा अस्थायी शौचालय और यूरिनल की व्यवस्था कराने, साथ ही घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत एवं ड्रॉप गेट लगाने का निर्देश भी दिया गया। हाई मास्ट लाइटों की जांच कर उन्हें शीघ्र चालू कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अंचल अधिकारी को नदी घाटों पर लाइफ जैकेट के साथ नाव, नाविक और गोताखोर की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती और आपात स्थिति में त्वरित समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सिविल सर्जन को छठ घाटों पर चिकित्सकों की तैनाती और बोट क्लीनिक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
विधि-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही 24 मार्च से 25 मार्च 2026 तक गंगा नदी में निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों के छठ घाटों के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को साफ-सफाई, रोशनी तथा गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पूरे अनुमंडल में श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments