बक्सर । जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेरा गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पति ने लाठी-डंडे से पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार धनसोई की रहने वाली सोनम की शादी मदन डेरा गांव निवासी सोनेलाल यादव के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले सोनम ने 1100 रुपये खर्च कर दिए थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
रविवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आकर पति ने लाठी-डंडों से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
बताया जाता है कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।
इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि प्राथमिक सूचना के आधार पर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments