Ad Code

दवा लूट की कथित घटना निकली मनगढ़ंत, पुलिस ने टेंपू चालक को किया गिरफ्तार



बक्सर । डुमरांव अनुमंडल के नया भोजपुर थाना क्षेत्र में दवा लूट की कथित घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना को लेकर डुमराँव डीएसपी पोलस्त कुमार के निर्देश पर सूक्ष्म जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि लूट की पूरी कहानी मनगढ़ंत थी। इस मामले में टेंपू चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर एक पेटी दवा भी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार 10 फरवरी की रात करीब आठ बजे बक्सर के सियाराम कॉलोनी बस स्टैंड निवासी दवा व्यवसायी आशुतोष कुमार मिश्रा (पिता स्व. जयराम मिश्रा) ने नया भोजपुर थाने में आवेदन देकर बताया था कि उन्होंने आरा से 53 कार्टून दवा मंगवाई थी। दवा लाने की जिम्मेदारी बक्सर नगर के वार्ड संख्या 29 निवासी ऑटो चालक मनु कुमार गुप्ता (पिता जवाहर प्रसाद गुप्ता) को दी गई थी।




चालक ने व्यवसायी को फोन कर बताया था कि प्रतापसागर पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर पश्चिम मिताली पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर 53 पेटियों में से तीन पेटी दवा लूट ली। इस सूचना के आधार पर व्यवसायी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

मामले की जांच के दौरान नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने जब चालक से पूछताछ की तो उसके बयान में कई विरोधाभास सामने आए। पहले उसने दो बदमाशों के होने की बात कही, जबकि बाद में तीन लोगों के शामिल होने की बात बताई। इससे पुलिस को घटना पर संदेह हुआ।

इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर डमी सीन तैयार कर जांच की। चालक को उसी रास्ते से दोबारा गुजरवाकर पूरी घटना की जानकारी ली गई, लेकिन उसके बयान पहले से मेल नहीं खा रहे थे। साथ ही पुलिस ने चालक के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच की, जिससे उसके दावे संदिग्ध साबित हुए।






लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के दबाव में आखिरकार चालक ने सच्चाई स्वीकार कर ली। उसने बताया कि दवा की तीन पेटियां उसने खुद ही गायब कर दी थीं और शक से बचने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी मनु कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर मैगजोन प्लस 1.5 ग्राम दवा की एक पेटी बरामद की है।

बताया जाता है कि इन तीन पेटियों की थोक कीमत लगभग 30 हजार रुपये है, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कीमत एक से डेढ़ लाख रुपये तक बताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बाकी दो पेटियों की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच और वैज्ञानिक तरीके से की गई पड़ताल के कारण ही इस मामले का खुलासा संभव हो सका। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून को गुमराह करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu