Ad Code

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: ट्रेन से मोबाइल झपटने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार



बक्सर । रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर एवं जीआरपी बक्सर की संयुक्त टीम ने ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल झपटने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को आरपीएफ बक्सर और जीआरपी बक्सर की टीम ने अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22362) से एक महिला यात्री का मोबाइल खिड़की से झपट्टा मारकर चोरी कर भाग रहे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान सुहेल अंसारी (पिता- अलाउद्दीन अंसारी), निवासी गजाधरगंज, बक्सर के रूप में हुई है।




उसकी निशानदेही और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया। इनमें सुहेल खान (पिता- लुकमान खान), निवासी गजाधरगंज तथा धर्मेंद्र कुमार (पिता- रामप्रवेश सिंह), निवासी कोरानसराय, बक्सर शामिल हैं। इनके पास से चोरी किया गया एक लेडीज पर्स (जिसमें ₹200 नकद), 04 मोबाइल फोन तथा 01 ब्लेड बरामद किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी मिलकर ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान चोरी करते थे और चोरी किए गए मोबाइल फोन को गजाधरगंज स्थित मोहम्मद नासिर की मोबाइल दुकान पर बेच देते थे। इसके बाद पुलिस ने गजाधरगंज स्थित उक्त दुकान पर छापेमारी कर दो महंगे चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए और दुकानदार मोहम्मद नासिर को भी गिरफ्तार कर लिया।




गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी आपस में दोस्ती आरा जेल में हुई थी, जहां वे पहले भी ट्रेन से मोबाइल चोरी के मामले में बंद रह चुके थे। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने दोबारा गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। महिला यात्री का मोबाइल ब्लेड की सहायता से काटकर चुराया गया था।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जीआरपी बक्सर थाना में मामला दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई आरपीएफ बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार एवं जीआरपी प्रभारी विकास कुमार के निर्देशन में की गई। संयुक्त टीम में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, आरक्षी बृजेश कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार तथा जीआरपी बक्सर के हवलदार राजेंद्र मिश्रा सहित अन्य बल सदस्य शामिल थे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu