बक्सर । जिले के चौसा स्थित थर्मल पावर प्लांट में कार्यरत मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मजदूर यूनियन इंटक (INTUC) के बैनर तले 9 मार्च से शुरू हुआ यह धरना प्रदर्शन लगातार जारी है, जिसके कारण प्लांट का कार्य भी ठप पड़ा हुआ है।
धरना दे रहे मजदूरों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन द्वारा उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जाता है। इसके अलावा ओवरटाइम कराने के बावजूद उसका भुगतान नहीं किया जाता है। मजदूरों का यह भी कहना है कि प्लांट छोड़ने के बाद फुल एंड फाइनल सेटलमेंट के समय उनके पैसे और पीएफ में भी कटौती कर ली जाती है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मजदूर यूनियन INTUC के अध्यक्ष पप्पू पांडेय ने कहा कि मजदूर लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर प्रबंधन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मजबूर होकर मजदूरों को धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
वहीं किसान नेता राम प्रवेश यादव ने भी मजदूरों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि जब तक प्लांट में कार्यरत मजदूरों की मांगों को प्रबंधन नहीं मानता है, तब तक यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन के चलते प्लांट का कार्य पूरी तरह बंद होने से उत्पादन पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है। मजदूरों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments